रविवार, 15 नवंबर 2026

लोकतंत्र ख़तरे में है !

लोकतंत्र को आज पहली बार डर लग रहा था।वह सोच रहा था कि पिछले अस्सी सालों में न जाने कितनी बार उस पर हमला हुआ,यहाँ तक कि उसकी हत्या की कई बार घोषणाएँ की गईं पर वह अंततः ज़िंदा और साबुत बचा रहा।किंतु इस बार मामला बिल्कुल अलग था।ख़तरा वाक़ई बेहद गंभीर था।इससे पहले उसके स्वास्थ्य को लेकर विपक्षी खेमा ही हलकान होता था ,पर इस दफ़ा तो सत्ता पक्ष वाले उससे भी आगे निकल गए हैं।यह ज़्यादा चिंता की बात है।


लोकतंत्र पर असल संकट तो अब आया है।उसका डर इसलिए बड़ा है कि आज उसे दोनों पक्ष बचाने के लिए आतुर हैं।वह चिंतित हो उठा।विपक्ष तो हमेशा की तरह ‘लोकतंत्र बचाओ’ की ख़ुराक से ख़ुद को बचाए रखता था पर सत्ता-पक्ष के लोगों को क्या हुआ है ? क्या ये मुझसे ज़्यादा ‘सीरियस’ हैं या इस बार उसके ऊपर वास्तविक संकट है ? पक्ष-विपक्ष सभी उसके ऊपर ख़तरे की बात से चिंतित हो उठे हैं।सरकार बहादुर अपना काम-धाम छोड़कर उसे बचाने निकल पड़े हैं।इस बार उसका बचना मुश्किल है ।देश में सभी दल उसके पीछे पड़े हैं।यह सोचते हुए वह तेजी से ‘ सेकुलर टोले’ की ओर भागने लगा।


वह ज़्यादा दूर तक नहीं जा पाया था कि सामने से एक बड़ी रैली दिखाई दी।वह उसी की ओर बढ़ी आ रही थी।उसके इरादे बुलंद लग रहे थे।लोग हाथों में तख्तियाँ और बैनर लिए हुए थे।जोश में थे।रुक-रुककर लोकतंत्र का ‘जैकारा’ लग रहा था पर लोग नहीं रुक रहे थे।एकबारगी तो लोकतंत्र का डर ग़ायब हो गया।वह सोचने लगा कि उसे क्यों चिंता करनी है ! रैली में शामिल लठैत और बकैत उसे यूँ ही बचा लेंगे।पर उसकी यह सोच भी जल्द ही फुर्र हो गई।


दक्खिन-टोले की ओर से भयानक शंखनाद सुनाई देने लगा।‘अराजकता हटाओ,लोकतंत्र बचाओ’ ऐसा चिल्लाते हुए लाठी,डंडे ,मीडिया और पुलिस से लैस भीड़ पास आती दिखाई देने लगी।भीड़ के आगे चार लोग लोकतंत्र का पुतला उठाए हुए चल रहे थे।उनके नारों से आसपास का वातावरण दहल उठा।लोकतंत्र को यह देखकर उम्मीद बँधी कि शायद यही लोग उसके असल रखवाले हैं।उनका नेता पदयात्रा करते हुए लोकतंत्र के बिल्कुल क़रीब आ गया।नेता ने भीड़ की ओर देखकर हुंकार भरी, ‘हमारा लोकतंत्र बड़ी तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।हम सबको इसके पीछे रहना है।अगर मौक़ा चूके तो अराजक लोग इसे ख़त्म कर देंगे।हमारे रहते यह नहीं होगा।’


तब तक विपक्ष वाले भी निकट आ चुके थे।एक पल के लिए लोकतंत्र की घिग्घी बंध गई।पक्ष और विपक्ष के बीच में पहली बार वह अपने को असुरक्षित महसूस कर रहा था।उसने दोनों पक्षों से शांति की अपील की।इसका तुरंत असर हुआ और नारे और जैकारे थोड़ी देर के लिए म्यान में चले गए।


लोकतंत्र ने बोलना शुरू किया, ‘मैं तुम दोनों से एक ही सवाल पूछता हूँ कि आख़िर तुम मेरी रक्षा कैसे करोगे ? विपक्ष को पहले उत्तर देने का लोकतांत्रिक अधिकार है,इसलिए तुम बताओ।’ उसने विपक्ष के नेता की ओर ताका। ‘देखिए,हम धरना,प्रदर्शन,रैलियाँ सब कुछ आपके पीछे लगा देंगे।आपका बाल-बाँका भी नहीं होने देंगे।हम बचें,न बचें, आपको ज़रूर बचाएंगे।’ यह सुनकर लोकतंत्र ने गहरी साँस ली ।पक्ष की ओर निहारते हुए उसने वही सवाल दोहरा दिया।पक्ष का नेता बली था।उत्तर देने के लिए उसकी भुजाएँ फड़क रही थीं।वह गरज उठा, ‘पिछले बारह सालों से हमने तुम्हें अपने बच्चे की तरह गोद में पाला है।आगे भी हम ही तुम्हारी रक्षा करेंगे।कैसे करेंगे इसका जवाब हमारी मीडिया,पुलिस और भीड़ देगी।हमारे पास ईडी,सीबीआई जैसी अत्याधुनिक मिसाइलें भी हैं।ये लोग ख़ुद को,अपने दल के लोकतंत्र को तो बचा नहीं पा रहे,देश के लोकतंत्र को कैसे बचाएँगे ?और एक ज़रूरी बात।ये सरासर झूठ बोल रहे हैं।हमारी अनुमति के बिना ये धरना और प्रदर्शन भी नहीं कर सकते।इनकी अराजकता की वजह से पूरा मीडिया हमारी गोद में खेल रहा है।हम ‘सबका विकास,सबका विश्वास’ वाले लोग हैं।लोकतंत्र हमारा था,हमारा है,हमारा रहेगा।हम २०४७ तक तुम्हारी रक्षा ज़रूर कर लेंगे।’


इतना सुनते ही रुके हुए ‘जैकारे’ और ज़ोर से गूँजने लगे।ज़मीन और आसमान धूल-धूसरित हो उठे।पुराना समय होता तो देवता फूल बरसाते।फ़िलहाल उन पर पक्षपात का कोई आरोप न लगे,इसलिए ऊपर से प्रदूषण टप्प-टप्प झरने लगा।मारे ख़ुशी के लोकतंत्र पक्ष के गले लगकर रो पड़ा।




लोकतंत्र ख़तरे में है !

लोकतंत्र को आज पहली बार डर लग रहा था।वह सोच रहा था कि पिछले अस्सी सालों में न जाने कितनी बार उस पर हमला हुआ , यहाँ ...