ईरान लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
ईरान लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 29 मार्च 2026

शांतिप्रेमी का दुनिया के नाम ख़त

 प्यारे विश्व नागरिको 


मैं दुनिया का सबसे बड़ा शांतिदूत बोल रहा हूँ।तुम सबकी ख़ैर चाहता हूँ इसलिए कुछ कहने आया हूँ ।मेरे पास दुनिया भर में शांति स्थापित करने के अलावा कोई काम नहीं है।जहाँ शांति है,वहाँ सुनियोजित अशांति फैलाना मेरा काम है ताकि वहाँ ठीक तरह से शांति क़ायम की जा सके।जहाँ नहीं है, वहाँ इसे जबरन स्थापित कर देता हूँ ।शांति के प्रति मेरी इससे बड़ी प्रतिबद्धता क्या होगी ! फिर भी नामुराद दुनिया वालों ने मुझे ‘शांति’ प्रदान करने से मना कर दिया।पूरी दुनिया में शांति लाने वाले को ‘शांति’ के लिए तरसाना कहाँ का न्याय है ? मेरे रहते शांति स्थापित करने में कोई ढील नहीं दी जाएगी।थोड़े समय पहले मैंने इसीलिए एक देश के राष्ट्राध्यक्ष को उठवा लिया था।अब उधर पूरी तरह शांति है।और तो और, ‘शांति’ के लिए पवित्र आतंकी के मुँह में नीर डाल चुका हूँ।वह अब दूसरों का ख़ून पी रहा है।ऐसे मेरे अद्भुत शांति-समर्थक हैं।


यदि मैं न होता तो दुनिया वाक़ई कितनी एकरंगी होती ! मैं इसमें चुन-चुनकर रंग भर रहा हूँ।अस्पताल हों या स्कूल, मेरे बम रंग बिखेरने में कोई कसर नहीं छोड़ते।मैं वादा करता हूँ कि मेरे रहते दुनिया का एक भी प्राणी शांति से वंचित नहीं रह पाएगा।जो लोग बेरोजगारी का रोना रो रहे थे,वह आज काम पर लग गए हैं।सारी दुनिया मेरे देश की ओर निहार रही है।मेरी नज़र इस वक़्त केवल हारमूज़ पर लगी हुई है।दुनिया भर का तेल निकालने के बाद वहीं से तेल निकालना बाक़ी है।दुश्मन सबक़ सीख रहा है।जब तक मैं चाहूँगा ,वह चीखता और सीखता रहेगा।मुझे अपने देश को महान बनाने की ज़िद है।इसके लिए कोई भी शैतान बने,मुझे फिक्र नहीं।मेरा जन्म इसीलिए हुआ है,इसका आभास मुझे रात के सपने में नहीं अपितु दिवास्वप्न के दौरान हुआ।मेरा स्वप्न मेरे देश का ही नहीं पूरी दुनिया का बन चुका है।इसे सब लोग जितनी जल्दी समझ लें,उनके लिए अच्छा होगा।


युद्धकाल में मैं अखंड शांति की बात कर रहा हूँ।मेरे पास शांति का ‘ट्रंप-कार्ड’ है।इस समय पूरी दुनिया में मेरे सिवा कोई नहीं है जिसे शांति की इतनी ज़बरदस्त तलाश हो।कुछ समय पहले मैंने बार-बार चेताया था कि तुम मुझे शांति दो, नहीं तो मैं तुम्हें युद्ध दूँगा।दुनिया ने भले ही मेरी बात नहीं मानी पर मैं अपने कहे पर क़ायम हूँ।इस दुनिया में कोई भी युद्ध मेरे बिना न तो शुरू होता है और न ही बंद।मैं अपने देश को सबसे आगे ले जाना चाहता हूँ,चाहे इसके लिए मेरे अपनों की बलि चढ़ जाए।आख़िर कुछ पाने के लिए कुछ खोना पड़ता है।आज मेरे देश के अलावा बाक़ी दुनिया कातर भरी नज़रों से मुझे देख रही है।मेरी साख इतनी गिर चुकी है कि मुझे कोई गंभीरता से नहीं ले रहा है ।वह पिद्दी ईरानी-मिसाइल भी नहीं।इसकी सज़ा पूरी दुनिया भुगतेगी।


मैं पर्याप्त मात्रा में उदार भी हूँ।अगर किसी को एकमुश्त शांति नहीं हज़म हो सकती है उसके लिए मैं इसे किश्तों में भी ऑफर करता हूँ।इसको पाँच ,दस फिर तीस दिन के लिए बढ़ाया जा सकता है।अपना सहयोगी हुआ तो ‘लीज़’ पर भी दे सकता हूँ।इससे दुश्मन को आराम मिल सकेगा और मुझे सिक्का उछालने के लिए समय कि आख़िर करना क्या है ? दुश्मन मिसाइल की रेंज बढ़ा रहा है और मैं युद्ध-विराम के दिन।इसी से पता चलता है कि यदि सही समय पर सत्ता मेरे हाथ नहीं आती तो इस बेरंग दुनिया में मुर्दा-शांति होती ! अब देखिए,कितनी हलचल मची है।सभी देश रोटी के बजाय मिसाइल और बम की डिमांड कर रहे हैं ।उधर दूसरे मेरी ‘फाइल’ खोल रहे हैं, इधर मैंने व्यापार के नए फ्रंट खोल दिए हैं।मेरे एक दाँव से बाज़ार,सोना,मुद्रा,तेल,गैस सब जीवंत हो उठे हैं।इस दौरान किसका-कितना उत्थान या पतन हो जाए, कोई नहीं कह सकता।एक अकेला कितना बदलाव ला सकता है,यह दुनिया देख रही है।अकेला चना भाड़ भले न झोंक पाए,कोहराम मचाने के लिए एक सिरफिरा ही काफी है।


मेरे पास रोज़ नए प्रस्ताव आते हैं ।कुछ लोगों को युद्ध चाहिए, कुछ को शांति।मेरे पास दोनों हैं।ये मेरे लिए दाएँ और बाएँ हाथ के खेल हैं।जब मन होता है,खेल लेता हूँ।दुनिया को भी समझना चाहिए कि युद्ध की क़ीमत होती है तो शांति की भी होती है।इससे ज़्यादा सहयोग मैं माँग भी नहीं रहा हूँ।मैं अपना देश नहीं बचा रहा हूँ,बल्कि बाक़ी दुनिया की मुझे ज़्यादा चिंता है।



शांति का चिर आकांक्षी 


अंकल सैम 


रविवार, 22 जून 2025

मित्र के साथ अंतर्राष्ट्रीय विमर्श

वह कभी मेरे अभिन्न मित्र थे, पर पिछले कुछ समय से भिन्न हो गए थे।हालाँकि कभी इस बारे में खुलकर कहा नहीं पर मुझे यही लगा।इसके फ़ायदे और नुक़सान दोनों हुए।पहले ‘टच’ में रहते थे तो हमें ख़बरें जानने के लिए न टेलीविज़न खोलना पड़ता और न इंटरनेट मीडिया।सब कुछ वही अपडेट कर देते।मुझे साहित्य में दख़ल करने का पर्याप्त अवसर मिलता।नुक़सान यह हुआ कि अंदर की ख़बरों के लिए मुझे टीवी और इंटरनेट मीडिया दोनों जगह समय खर्च करना पड़ा इससे साहित्य की तरफ़ ध्यान देना मुश्किल हो गया।

ऐसे कठिन समय में कल शाम अजूबा हो गया।वह मिसाइल की तरह अचानक घर आ धमके।उनके हाथ में बड़ा-सा कटहल था।अपनी भाभी जी को देते हुए बोले, ‘ सीज़न का पहला फल है।सोचा आपको ही अर्पित कर दूँ !’ इस कदम के द्वारा उन्होंने औपचारिक रूप से ‘शीतयुद्ध’ समाप्ति की घोषणा की।इसके लिए मेरी सहमति की ज़रूरत भी नहीं समझी।मित्रता से अचानक इस्तीफ़ा उन्होंने दिया था,मैंने नहीं।घर आए कटहल का मान रखते हुए मैंने भी आत्मीयता परोसी, ‘भई कहाँ ग़ायब हो गए थे ? आते रहा करो।तुमसे बातें करके ज्ञान-वृद्धि होती है।’ 


‘ एक्ज़ैक्टली,तुमसे मिलने आया ही इसलिए हूँ।हमें लोकल-लफड़ों को भुलाकर ग्लोबल-टेंशन पर ध्यान देना चाहिए।विश्व इस समय बड़े संकट से जूझ रहा है।पता नहीं यह लड़ाई कितनी दूर तक जाएगी ?’ ऐसा कहते हुए उन्होंने किचन की ओर झाँका।मुझे श्रीमती जी से यह कहने की ज़रूरत नहीं पड़ी कि मित्र का मन पकौड़े खाने का है।वह मुझसे भी अधिक समझदार निकलीं।उन्होंने विश्व-युद्ध के संभावित ख़तरे को पहले ही भाँप लिया था।वह फटाफट रसोई में जुट गईं और हमने आपसी संबंधों में आए गतिरोध को तोड़ना शुरू कर दिया।


पहला हथौड़ा उन्होंने ही मारा, ‘ईरान टिक नहीं पाएगा इज़राइल के सामने।क्या कहते हो ?’ उनके इस सीधे सवाल से मैं हड़बड़ा गया।‘देखिए,मैं साहित्य का आदमी हूँ।आज तक यह नहीं समझ पाया कि यहाँ कौन-सा गुट बड़ा है या किस लेखक की अकादमी में चलती है।फिर यह वैश्विक कूटनीति समझना मेरे वश की बात नहीं।तुम्हीं कुछ प्रकाश डालो।मुझे तो अब तक यही लगता था कि ईरान और इज़रायल दोनों हमारे दोस्त हैं।और हम एक गुट-निरपेक्ष देश रहे हैं।’


वह एकदम-से कसमसा उठे, ‘वैसे तुमने एक बात तो ठीक कही है।वाक़ई तुम्हें अंतरराष्ट्रीय मामलों की समझ बिल्कुल नहीं है।यहाँ कोई तुम्हारे साहित्यिक-गुट जैसा मामला नहीं है।इज़राइल छोटा देश भले है मगर तकनीकी रूप से बहुत सक्षम है।उसने कई बार हमारी मदद की है।फिर उसके पीछे दुनिया का दादा अमरीका खड़ा है जिसने कई सभ्यताओं को बर्बाद कर दिया।ईरान क्या चीज़ है ! और हाँ,तुम्हारे साहित्य में भी तो कहीं लिखा है, ‘देखन में छोटे लगें,घाव करें गंभीर ।’ कहते-कहते वह इज़राइल की तरह आक्रामक हो उठे।


‘यह सही है कि इंटरनैशनल मामलों में मैं अनाड़ी हूँ पर अमेरिका भरोसे लायक नहीं है,इतना ज़रूर जानता हूँ।’ यह कहते हुए मैंने उनको ‘चिल्ड’ पानी ऑफर किया पर उन्होंने ‘शांति-प्रस्ताव’ समझकर ठुकरा दिया।मुझ पर भड़कते हुए बोले,‘अभी तक ऐसा कोई नहीं हुआ है जिसने अमेरिका को पानी पिलाया हो ! वियतनाम और अफ़ग़ानिस्तान भूल जाइए।नया अमेरिका है।सबको मारकर महान बनना उसका लक्ष्य है।देखिए ना,डर के मारे पाकिस्तान उसकी मेज़ पर बिछ गया।यह होती है कूटनीति।कूटो भी और रोने भी मत दो।’ कहते हुए वह अपनी जीभ से होठों को फेरने लगे।


मैं कुछ कहता तभी श्रीमती जी पकौड़े ले आईं।मुझे लगा शायद अब ‘सीज़फायर’ हो जाए पर उन्होंने फिर से हमला बोल दिया, ‘तुम पकौड़े खाओ और साहित्य की सेवा करो।विदेश-नीति समझना तुम्हारे वश की बात नहीं।तुम अगले अकादमी सम्मान पर ध्यान दो।यह वाला तो गया ! ’ उन्होंने सीधे मेरे दिल पर हमला बोला।मैंने हाथ में आया पकौड़ा छोड़ दिया।मैंने भी अंदरूनी चोट की,‘किंतु आतंकी देश को भोजन कराना कहाँ तक उचित है ? इतना तो मैं भी समझता हूँ।’ अगले पकौड़े को उदरस्थ करते हुए वह बोले, ‘अरे भाई,तुमने शुरू में ही बता दिया था कि तुम्हें अंतरराष्ट्रीय मामलों की समझ नहीं है।यहाँ जो दिखता है,वैसा नहीं होता।कूटनीति में कैरेक्टर नहीं देखा जाता।साथ लंच करने से पाक-साफ़ नहीं हो जाता कोई।लंच का मेनू ऐसा था कि डकार भी आए तो सिर्फ़ ‘नोबेल’ निकले।तुम्हारे साहित्य में है ऐसी पारदर्शिता ?’ कहते हुए उन्होंने पूरी प्लेट साफ़ कर दी।


‘अंतर तो बहुत है।युद्ध में जहाँ आत्म-समर्पण होता है,वहीं साहित्य में समर्पण।यहाँ सामने से वार नहीं होता।पिछले साल एक वरिष्ठ लेखक मेरे ‘सम्मान’ के लिए मेरे हर्जे-खर्चे पर राजधानी गए थे।वहाँ अपना नाम देकर लौट आए।बाद में उन्होंने अपना ‘सम्मान’ मुझे समर्पित किया।यह होता है समर्पण ! ईरान जीते या इज़राइल,तुम्हारे अमेरिका को ज़्यादा फ़र्क़ नहीं पड़ेगा।’ इतना सुनते ही वह भिनभिनाते हुए बाहर निकल गए।मैं ड्राइंग रूम में बैठकर युद्धकाल की कविताएँ लिखने लगा।



संघर्ष का नया तरीका

आंदोलन ख़त्म हो चुका था।आँसू गैस के गोले और लाठी - डंडे तनिक विश्राम के लिए सुस्ताने लगे थे।सड़क का शोर बैरिकेड तोड़कर ...