रविवार, 22 नवंबर 2026

तूफ़ानी समीक्षा

इधर देश भर में अच्छा-खासा ‘लोकतंत्र बचाओ’ अभियान चल रहा था।पक्ष और विपक्ष उसे बचाने के लिए लट्ठ लेकर सड़कों पर उतर चुके थे।तभी दीवाली के बाद जोरदार धमाका हुआ।सब कुछ अचानक ठहर-सा गया।एक किताब क्या आई, वह देश की सबसे बड़ी उपलब्धि और समस्या दोनों बन गई।किताब के समर्थकों से ज़्यादा उसके विरोधी उस पर टूट पड़े।इंटरनेट मीडिया में ऐसा तूफ़ान उठा कि मुख्य धारा का मीडिया भी सोते से अचानक उठ बैठा।उसने इस पर गंभीर विमर्श शुरू कर दिया।इससे लोकतंत्र को भी राहत मिली।उसके सिर पर मंडरा रहा ख़तरा एकदम से टल गया।


मैं ड्रॉइंग रूम में बैठकर दीवाली के बाद हुए प्रदूषण पर शोध कर रहा था।अनजाने ही इस विमर्श की चपेट में आ गया।ट्विटर पर झाँकने गया तो वहाँ भयंकर ‘किताबी-बारिश’ हो रही थी।मैं भी नहा उठा।झट से किताब ऑर्डर की और वह तीस मिनट में आ भी गई।खूब रोमांचित था।इतनी मोटी और अंग्रेजी में लिखी किताब पहले कभी नहीं ली थी।अंग्रेजी की किताब आती है तो साथ में पर्सनालिटी भी लाती है।मैंने उलट-पुलट कर देखा।तीन से चार बार यह क्रिया दोहराई।किताब के साथ सेल्फ़ी लेते हुए ख़ुद भी दोहरा हो गया।कुछ समझ में नहीं आया।फिर उस ‘किताबी-सेल्फी’ को इंटरनेट मीडिया में झोंक दिया।ऐसा यह सोचकर किया था कि इसे हथियाने की खबर देकर कइयों को चौंका दूँगा।पर वहाँ का नज़ारा बिल्कुल अलग था।दूसरे कई मुझसे अधिक चौकन्ने निकले।इस पुनीत-कर्म को वे पहले ही संपन्न कर चुके थे।दिल तोड़ने वाली बात यह थी कि किताब के साथ ही उसकी खामियों को भी उन्होंने तुरंत नत्थी कर दिया था।एक मशहूर संपादक ने अपनी पढ़ाई के पीले-पीले निशान किताब के अंग-प्रत्यंग में अंकित कर दिए थे।एक और बड़े पत्रकार किताब में रंग-बिरंगी पत्तियाँ खोंस कर ख़ामियाँ निकाल कर लाए थे।बिल्कुल ‘हम लाए हैं तूफ़ान से कश्ती निकाल के’ की तर्ज पर।एक महिला पत्रकार किताब के साथ पेंसिल,मार्कर,बुक-मार्क जैसे टूल लेकर पार्क में ही धरना देकर बैठ गईं।समीक्षा लिखकर ही उठेंगी।गोया किताब पढ़ना भी जंग जाने जैसा हो गया हो ! मुझे अब तक यही पता था कि कोई किताब पढ़नी है तो केवल किताब लेकर बैठना होता है।मैं भी कितना पिछड़ा हूँ ! एक अन्य नामचीन पत्रकार ने गंभीर चिंता बयान करते हुए लिखा कि किताब में अलाँ-फ़लाँ घटनाओं का ज़िक्र ही नहीं है।यह किताब नहीं बला है।मेरे लिए यह ‘शॉकिंग’ था।लेखक तो बन न पाया था,क़ायदे का समीक्षक भी न बन सकूँगा।


तीन पन्ने पलटने के बाद भी मैं किताब में कोई ख़ामी नहीं तलाश कर पाया था।लोग थे कि उसकी ख़ामियाँ गिनाने में जी-जान से जुटे थे।पहली बार मुझे अपनी पढ़ाई पर शक हुआ।मैंने पन्ने फिर से पलटने शुरू कर दिए।विदेशी भाषा मेरे सिर के ऊपर से निकल रही थी।फिर भी उम्मीद नहीं छोड़ी।आख़िर हज़ार रूपए ख़र्च किए थे।मुझ पर लगातार ‘लोड’ बढ़ रहा था।मैंने किताब के कुछ पन्ने इंटरनेट मीडिया में ‘अपलोड’ कर दिए।कुछ नहीं हुआ।मेरा माथा घूमने लगा।लोग दूसरे के लिखे पर लिख-लिखकर वायरल हो रहे थे और मैं बहुत पिछड़ गया था।इस चक्कर में मैं किताब नहीं पढ़ पा रहा था।पढ़ने बैठूँ तो उधर न जाने कितने नए समीक्षक तैयार हो जाएँगे।मेरे रहते यह नहीं हो सकता था।सो मैंने पढ़ना छोड़ कर समीक्षा करनी शुरू कर दी।


आख़िर दस मिनट की कड़ी मशक़्क़त के बाद दस पन्नों में बीस कमियाँ ढूँढ़ निकालीं।इनमें कुछ क़ाबिले-ग़ौर हैं।मेरी निकाली हुई कमियाँ बिल्कुल मौलिक हैं।आप भी देखिए।सबसे बड़ी कमी तो किताब के नाम में ही है।जिस समाज में हम रहते हैं,वहाँ जाति -धर्म को लेकर घृणा के स्तर तक सोच पहुँचती है।ऐसे लोगों को किसी की ‘प्रेम यात्रा’ में क्यों रुचि होगी भला ! इससे ‘जुड़ाव’ बिल्कुल महसूस नहीं होता।दूसरे इस किताब में ऐसा कुछ विस्फोटक मसाला नहीं मिला जिसे पढ़कर वायरल किया जा सके।इसमें विदेशी भाषा और संस्कृति का जमकर प्रचार-प्रसार हुआ है।यह सनातन का अपमान है।ख़ान-पान का जो विवरण दिया गया है वह क़ाबिले-एतराज़ है।इसमें मेरे पसंदीदा छोले-भटूरों का ज़िक्र तक नहीं है।दूसरी महत्वपूर्ण ख़ामी किताब में तीन सौंवें शब्द के आख़िरी अक्षर में है।वह नहीं भी लिखा होता तब भी कुछ फ़र्क़ नहीं पड़ता।ज़्यादातर पाठक वहाँ तक की यात्रा करने से पहले ही थक जाएँगे।खामियाँ तो और भी हैं पर सबसे बड़ी ख़ामी यह है कि किताब के पन्ने पलटते समय फर्र-फर्र की आवाज़ करते हैं।इससे युवा पीढ़ी भ्रमित होगी।अगर रील छोड़कर वह लिखने-पढ़ने लगी तो ‘रील उद्योग’ के पूरी तरह चौपट होने की आशंका है।


इधर मैं समीक्षा लिखता रहा,उधर किताब ‘ऑउट ऑफ़ स्टॉक’ हो गई।


—संतोष त्रिवेदी 


कोई टिप्पणी नहीं:

तूफ़ानी समीक्षा

इधर देश भर में अच्छा-खासा ‘लोकतंत्र बचाओ’ अभियान चल रहा था।पक्ष और विपक्ष उसे बचाने के लिए लट्ठ लेकर सड़कों पर उतर चुके थे।तभी दीवाली के बाद...