सोमवार, 23 नवंबर 2026

पचास-करोड़ी अकिंचन

 प्रिय पतित पावन जी,

सादर नमस्कार !


आज यह पाती भरे मन से लिख रहा हूँ।जब से यह खबर सुनी है कि आपने मुझ जैसे को गरीबी से एक झटके में बाहर निकाल फेंका है,दिल में गुब्बारे फूट रहे हैं।आपने कहा है कि ऐसा कारनामा हज़ार साल में हुआ है,पूरी तरह सच नहीं है।आप यहाँ भी उदारता और नम्रता से काम ले रहे हैं।सच तो यह है कि सृष्टि के आरंभ होने के बाद से पहली बार अनुभव हुआ है कि अब तक हम ग़रीबी के जाल में फँसे कबूतर थे,जिन्हें आपने दाँतों से कुतरकर आज़ाद कर दिया है।जो काम त्रेता में राजा राम नहीं कर पाए।उनके रामराज्य में भी शबरी को छोड़कर वंचितों और आदिवासियों के लिए कोई विशेष व्यवस्था नहीं की गई थी।यहाँ तक कि राम के काम आने वाले बंदर आजतक मारे-मारे फिर रहे हैं।अब उनके मंदिर में लुटेरे घुस सकते हैं पर बंदर नहीं।इस परिपाटी को आपने ही तोड़ा है।जितने नव-गरीब थे, ग़रीबी-रेखा को फाड़कर आत्म-निर्भर हो गए हैं।न मंदिर बनता,न यह उपलब्धि माथे लगती।इसके लिए आपकी दूरदर्शी सोच को प्रणाम।


जो काम अब हुआ है, द्वापर में भी हो सकता था।पर कृष्ण ने सिवाय रास-लीला के कुछ नहीं किया।हम तब भी दीन-हीन रहे जबकि उन्होंने निर्धन अदानी के पूर्वज सुदामा को EWS का लाभ देकर मित्रता का कर्तव्य निभाया था।स्वयं महाभारत तो मचाया पर हमें नहीं बचा पाए।बचाते भी किससे ? तब तो मुग़ल भी नहीं थे।अब हैं तो आपसे ही उम्मीद है कि अगले चुनावों से पहले आप बचा ही लेंगे।तभी तो हमें ‘राधे-राधे’ की जयकार उस प्राचीन ‘जै श्रीराम’ से कितनी अधिक प्यारी लगने लगी है !


राम और कृष्ण के बाद मेरी दृष्टि में आप ही अवतारी हैं।इसलिए बीच में आए लोगों से मेरी शिकायत भी नहीं है।हालाँकि इतनी कोई जल्दी नहीं थी।जनता के पास टाइम हो न हो आपके पास 2047 का ‘टारगेट’ ज़रूर है।ठीक वैसे ही जैसे ‘टारगेट’ किसी निरीह पशु का नहीं होता,शेर का होता है।आपको यूँ ही शेर नहीं कहा जाता।


अब जबकि ग़रीबी से बाहर निकली जनता भड़भड़ाकर सस्ता सोना लूट रही है,व्यापारी वर्ग ख़ूब प्रसन्न है।अमीर अपने रक्त से आपको पत्र लिख रहे हैं।युवा अभी भटके हुए हैं।वो ऐसी स्किल ढूँढ़ रहे हैं,जिसमें पढ़ना-लिखना बिल्कुल ग़ैर-ज़रूरी हो।जिस दिन आपके प्रवक्ताओं,मंत्रियों,मुख्यमंत्रियों के जैसी ‘स्किल’ ग्रहण कर लेंगे,सच मानिए, पूरा समाज विकास से रक्त-रंजित हो जाएगा।उम्मीद है, आप अगले चुनाव तक यह ‘टारगेट’ भी ‘अचीव’ कर लेंगे।


आपको एक बार पुनः साधुवाद !


आपका ही 


(एक पूर्व पचास-करोड़ी अकिंचन)


-संतोष त्रिवेदी 


कोई टिप्पणी नहीं:

पचास-करोड़ी अकिंचन

  प्रिय  पतित पावन  जी , सादर नमस्कार  ! आज यह पाती भरे मन से लिख रहा हूँ।जब से यह खबर सुनी है कि आपने मुझ जैसे को गर...